कैथल में नशा व शराब तस्करों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

Spread the love

कैथल, 21 मई । जिले में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया। गुरुवार सुबह कलायत और राजौंद क्षेत्र के गांव मंडवाल में पुलिस टीमों ने संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के घरों और संभावित ठिकानों पर अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई संदिग्ध लोग अपने घरों से बाहर भी नहीं निकले।

जानकारी के अनुसार, कलायत थाना प्रभारी एसआई सुभाष के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में छानबीन की गई, जबकि राजौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास की टीम ने गांव मंडवाल में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने घर-घर जाकर जांच की और आसपास के स्थानों, गोदामों व खाली पड़े प्लॉट्स को भी खंगाला, ताकि कहीं मादक पदार्थ या अवैध शराब छिपाकर न रखी गई हो।

इस दौरान पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से क्षेत्र में रहकर अपराध को अंजाम तो नहीं दे रहा। टीमों ने लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और नशा तस्करों में डर पैदा करना है। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों को साफ संदेश दिया जा रहा है कि अब जिले में अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने नशा मुक्त समाज बनाने के अपने लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति नशे के कारोबार से कमाई करता पाया गया, तो उसकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।