शहर में जमाष्टमी की शाम दो गुटों में खूनी झड़प में कालका निवासी युवक की हुई मौत

Spread the love

सोलन, 05 सितंबर । शहर के मध्य में स्थित गंज बाजार में जन्माष्टमी की शाम युवकों के दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में कालका निवासी युवक की मौत हो गई । इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वीरवार देर रात हुई शराब के ठेके के सेल्समेन पर हुए जानलेवा हमले की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार को एक और खूनी झड़प ने शहर की कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं ।

शुक्रवार को जहां लोग जन्माष्टमी मनाने में व्यस्त थे तो वहीं शहर के एक व्यस्तम क्षेत्र से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है ।

दो गुटों की लड़ाई में धारदार हथियार से हमला किया गया जिसमें एक युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई । मृतक की पहचान अमन निवासी कालका के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शहर के व्यस्त गंज बाजार क्षेत्र में युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था । देखते ही देखते कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई और धारदार हथियारों का इस्तेमाल भी किया गया। हमले में कालका निवासी अमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत पहले ही हो गई थी। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था लेकिन उस समय स्थिति शांत हो गई थी। उसके बाद में दोनों गुट दोबारा आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अंकुश और मंथन के रूप में हुई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। झगड़े की असल वजह जांचने में भी पुलिस जुटी है । कहीं यह नशे के कारोबार से जुड़ी घटना तो नहीं है, इस पर भी पुलिस जाँच कर रही है ।