मंडी में पिता के सिर पर तेजधार हथियार से वार करके बेटे उतार दिया मौत के घाट

Spread the love

मंडी, 25 सितंबर । मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र पधर उपमंडल के गांव चेली में एक बेटे ने बाप को कुल्हाड़ी जैसे तेजधार हथियार से सिर पर वार करके मौत के घाट उतार दिया। पूरे इलाके में इस वारदात से सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल पधर की चेली पंचायत के चेली गांव में बीती रात करीब 12 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने पिता के सिर पर बैहले (बसूले यानी लकड़ी तराशने वाला मिस्त्री का छोटा अस्त्र ) से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौत हो गई। वारदात के बाद बेटे ने पहले पुलिस और चिकित्सकों को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी की पूछताछ में उसने घटना की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार मृतक मस्त राम (42) ने शराब पी रखी थी और वह अपनी पत्नी से गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान दूसरे कमरे में सो रहे बेटे दीपक ने उसे सो जाने के लिए कहा, लेकिन वह नशे में बहकता रहा। इसी बात को लेकर तैश में आए दीपक ने कथित तौर पर बैहले से पिता के सिर पर वार कर दिया। वार लगने से मस्त राम अचेत हो गया।

इसके बाद परिजनों और आरोपी बेटे ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और मस्त राम को सिविल अस्पताल पधर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दौरान आरोपी ने चिकित्सकों और पुलिस को बताया कि उसके पिता घर के पास डंगे से गिरकर घायल हुए हैं।

मामले की जांच के लिए अस्पताल पहुंचे डीएसपी लोकेंद्र नेगी को मृतक के सिर पर तेजधार हथियार से चोट के निशान मिले। संदेह के आधार पर जब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक गलती हो जाने की बात कहते हुए माफी की गुहार लगाने लगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी मंडी विनोद कुमार, डीएसपी लोकेंद्र नेगी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया गया है।

पुलिस ने पंचायत प्रधान सुनीता देवी और उपप्रधान प्रेम सिंह के समक्ष आरोपी के बयान भी कलमबद्ध किए हैं।

मृतक मस्त राम पुत्र बुधु राम कंप्रेशर ऑपरेटर का काम करता था। वहीं आरोपी दीपक मिस्त्री का काम करता है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।