कैथल, 05 जून । जिले में सक्रिय संगठित अपराध पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शुक्रवार काे नंदू गैंग से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को काबू किया जा चुका है। यह मामला 13 मार्च को उस समय सामने आया था जब स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पूंडरी-फरल रोड स्थित सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास छापेमारी की थी। इस दौरान गांव नैना निवासी करण, सौरभ और करनाल जिले के जलमाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार किया गया था।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए थे। करण के पास से .32 बोर का देशी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस, सौरभ से एक पिस्तौल और पांच कारतूस, जबकि सुमित के पास से दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले थे। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे गैंग लीडर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और उसके सहयोगी साहिल के निर्देश पर काम करते थे। उनका काम गैंग के अन्य सदस्यों से हथियार लेकर वारदात के बाद उन्हें आगे पहुंचाना था। जांच में यह भी सामने आया कि नंदू गैंग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में फिरौती, सुपारी किलिंग, जमीन कब्जाने और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने गांव नैना निवासी अमन को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि अमन गैंग में पैसों के लेनदेन का काम संभालता था। वह पहले भी एक अन्य मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रह चुका है। उसे इस केस में शामिल करने के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाया गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।