जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के अब्जूगंज हॉल्ट से दक्षिण मिरहट्टी पंचायत जाने वाली सड़क पर सोमवार को पुलिस ने बोरे में बंद एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है।
सुबह -सुबह स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े बोरे से बाहर निकले एक पैर पर पड़ी तो लोगों के होश उड़ गए। यह दृश्य देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी सुलतानगंज थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार को दी। इसके बाद थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी का माहौल है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
घटना की सूचना पर विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की हरेक बिंदुओं पर गहन जांच पड़ताल किया। इस मामले को लेकर विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र के हरेक जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाला जा रहा है। शव की पहचान के लिए आसपास थाना क्षेत्र में पता लगाया जा रहा है।