प्रो. अर्चना चहल बनीं एआईयू की उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता आवंटन समिति की समन्वयक

Spread the love

प्रयागराज, 26 जून । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रोफेसर एवं प्रख्यात शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञ प्रो. डॉ. अर्चना चहल को एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा सत्र 2026-27 के लिए उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं की आवंटन समिति का समन्वयक नियुक्त किया गया है।

इविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रो. अर्चना चहल शारीरिक शिक्षा एवं खेल प्रशासन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित नाम हैं। शिक्षण, शोध, तथा खेल प्रबंधन में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण उन्हें अनेक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाते रहे हैं। समन्वयक के रूप में डॉ. चहल उत्तर क्षेत्र के सदस्य विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों के परीक्षण, उनकी समीक्षा तथा एआईयू के नियमों, मानकों एवं दिशा निर्देशों के अनुरूप अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के आवंटन की प्रक्रिया का प्रभावी समन्वय करेंगी।

पीआरओ ने बताया कि समिति खेल अवसंरचना, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन तथा मेजबानी के अनुभव जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर प्रतियोगिताओं के आवंटन की संस्तुति करेगी। यह महत्वपूर्ण नियुक्ति प्रो. डॉ. अर्चना चहल की राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित साख, उनकी प्रशासनिक दक्षता तथा खेलों के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है। साथ ही, यह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र की प्रतिष्ठा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ता है।