सीवान, 24 जुलाई । नीट पेपर लीक मामले और छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक अर्थी जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान नगर थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
प्रदर्शन की शुरुआत तरवारा मोड़ से हुई। तिरंगा झंडा हाथों में लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रतीकात्मक अर्थी जुलूस के साथ बबुनिया मोड़ तक पहुंचे। पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि आज पूरा देश छात्रों के साथ खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका कहना था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक छात्रों का आक्रोश शांत नहीं होगा। यदि सरकार दमनात्मक कार्रवाई जारी रखती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, विश्वनाथ यादव, शमीम अहमद खान, डॉ. के. एहतेशाम अहमद, राजद के नगर अध्यक्ष ई. रमेश राय, शिक्षक नेता राकेश सिंह, कांग्रेस नेता बच्चा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।