नूंह, 18 अक्टूबर । कोली समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए समाज के लोगों को एकजुट होकर शिक्षा को प्राथमिकता देनी होगी और सामाजिक बुराइयों से दूर रहना होगा। शिक्षित और संगठित समाज ही प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। यह बात वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व जिला पार्षद जगन सिंह कोली ने कही। वे रविवार को नूंह के खेड़ला स्थित सद्भावना मंडप में आयोजित कोली समाज जागरूकता एकता मंच के द्वितीय वार्षिक सम्मेलन एवं समाज गौरव सम्मान समारोह में बाेल रहे थे।
कार्यक्रम में जगन सिंह कोली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता पूर्व डिप्टी कमांडेंट एवं जिला अध्यक्ष सूबे सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मचारी सुरेंद्र मंत्री, उपाध्यक्ष नरेश कुमार और खेमचंद चौहान ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा महात्मा बुद्ध की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजकों ने मुख्य अतिथि जगन सिंह कोली का फूल-मालाओं से स्वागत किया और पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। जगन सिंह कोली ने कहा कि समाज को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखना प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है। समाज में एकता मजबूत होगी, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि देश में बड़ी आबादी होने के बावजूद समाज के अनेक वर्ग आज भी पिछड़ेपन का सामना कर रहे हैं। समाज में बिखराव के कारण सामूहिक हितों को नुकसान पहुंचता है। इसलिए समय की मांग है कि लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को जीवन में अपनाने तथा उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान समाज के प्रति योगदान और अनुभव के लिए 106 वर्षीय बुजुर्ग भूरी देवी सहित 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पगड़ी बांधकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बीएएमएस पाठ्यक्रम में चयन होने पर सपना पुत्री रघुबीर को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं, जबकि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली प्रतिभाएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।