राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में उप प्रधान चुनाव: कई जगह पलटा सियासी गणित

Spread the love

जयपुर, 28 नवंबर । राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में शनिवार को उप प्रधान पद के चुनाव हुए। परिणामों में कई जगह राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आए। कहीं बहुमत के बावजूद क्रॉस वोटिंग ने परिणाम पलट दिया तो कहीं उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। राजसमंद में सभी नौ पंचायत समितियों में कांग्रेस के उप प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि बूंदी की आठ और सवाई माधोपुर की आठ पंचायत समितियों में भाजपा उप प्रधान चुनाव में खाता नहीं खोल सकी। फलोदी की नौ पंचायत समितियों में आठ पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा।

निर्वाचन विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार शनिवार को उप प्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने 254, बीजेपी ने 91, रालोपा ने 34, निर्दलीय ने 23, बाप ने 10 और सीपीआईएम ने 3 स्थानों पर जीत हासिल की है। राजसमंद में चारभुजा गढ़बोर पंचायत समिति में भाजपा का बहुमत होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस के कालूलाल प्रजापत उप प्रधान बने। कुंभलगढ़ में कांग्रेस के मांगीलाल मेघवाल निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित हुए। कांग्रेस की ओर से केवल मांगीलाल मेघवाल ने नामांकन दाखिल किया था, जबकि भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा।

बूंदी जिले की आठ पंचायत समितियों में उप प्रधान चुनाव में पांच जगह कांग्रेस और तीन जगह निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।

सवाई माधोपुर की सभी आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। फलोदी में नौ में से आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस और एक में निर्दलीय उम्मीदवार उप प्रधान बना।

जयपुर जिले की पंचायत समितियों में आमेर से कांग्रेस के बाबूलाल मीणा ने भाजपा की विनीता राजावत को हराया। आंधी में कांग्रेस के रतनलाल गुर्जर निर्विरोध चुने गए। बस्सी में बाबूलाल शर्मा ने भाजपा के फूल चंद बलाई, चाकसू में सीता देवी ने भाजपा की शिमला गुर्जर, दूदू में अन्नू चौहान ने भाजपा के नीरज, गोविंदगढ़ में विकास कुमार पिंगोलिया ने भाजपा के जितेंद्र कुमार शर्मा, जमवारामगढ़ में ओमप्रकाश मीणा ने भाजपा के ओमप्रकाश बुनकर, झोटवाड़ा में मुकेश कुमार बालोटिया ने निर्दलीय रामनिवास रोलानियां, जोबनेर में विरेंद्र कुमार कुमावत ने भाजपा की अनिता देवी, किशनगढ़-रेनवाल में कुलदीप सिंह यादव ने भाजपा की गीता देवी और कोटखावदा में रमेश ने भाजपा के रोशन गुर्जर को हराकर उप प्रधान पद हासिल किया।

जालसू में आरएलपी के कालूराम मीणा ने निर्दलीय लाड़ कंवर को हराया। माधोराजपुरा में कांग्रेस के राधेश्याम को आरएलपी के बाबूलाल जाट के मुकाबले जीत मिली। मौजमाबाद में आरएलपी की मनसा चौधरी ने कांग्रेस के शिवजीराम जाजोरिया को हराया। फागी में कांग्रेस के कंवरपाल, रामपुरा-डाबरी में आरएलपी के राजपाल सुंडा, सांभर में भाजपा के लालचंद वर्मा और सांगानेर में आरएलपी की पूजा विजयी रहीं। शाहपुरा में कांग्रेस के गणपत राम यादव निर्विरोध चुने गए, जबकि तूंगा में कांग्रेस की रेनू ने भाजपा के कृष्ण कुमार शर्मा को हराया।

चौमूं में भाजपा की माया देवी ने कांग्रेस के संतोष कुमार सैनी को हराया।

जोधपुर जिले में भोपालगढ़ से आरएलपी के छोटुराम ने भाजपा की सरिता को हराया। बिलाड़ा में कांग्रेस के श्रवण कुमार ने भाजपा की प्रेसता कुमावत को मात दी। चाबा में कांग्रेस की रबीना और धवा में कांग्रेस के बाबूलाल मेघवाल निर्विरोध चुने गए। चामू में कांग्रेस के महावीर सिंह, हटूंडी में महेंद्र दादरवाल, झंवर में पप्पू सिंह, कापरडा में तेजाराम और केरू में कमला देवी विजयी रहे।

लूणी में भाजपा के शंकर राम ने कांग्रेस की मंजू देवी को हराया। मंडोर में आरएलपी के घेवर राम निर्विरोध, ओसियां में कांग्रेस की पप्पू देवी निर्विरोध और पीपाड़ शहर में आरएलपी की विध्या विजयी रहीं। सालवा खुर्द में आरएलपी के रामनिवास खोजा, सामराऊ में कांग्रेस के मोहन राम, सेखाला में कांग्रेस के भगा राम, शेरगढ़ में कांग्रेस की शोभा जैन निर्विरोध, तिंवरी में कांग्रेस की समदा और उम्मेदनगर में कांग्रेस के देवी किशन विजयी हुए। आगोलाई में आरएलपी की प्रियंका, बावड़ी में आरएलपी के रामकिशोर, आसोप में आरएलपी की सुरजीदेवी और बालेसर में निर्दलीय भवानी सिंह उप प्रधान बने।

भोपालगढ़ में प्रधान चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने के आरोप में कांग्रेस ने पांच निर्वाचित सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित भी किया। इनमें उच्छब कंवर रूदिया, दुर्गा देवी बिरानी, शारदा देवी देवातड़ा, दुर्गाराम माली अरटिया और रामनिवास देवनगर बासनी शामिल हैं।

सीकर जिले में अजीतगढ़ से कांग्रेस की ममता गुर्जर, बलारां से रूबिया बानो, दांतारामगढ़ से पदमा राम यादव, धोद ग्रामीण से दानवीर सिंह, फतेहपुर से सुमेरा बानो, खाचरियावास से जमना देवी, लक्ष्मणगढ़ से मोहम्मद दाउद अली, नेछवा से राकेश कुमार, पिपराली से सुप्यार, श्रीमाधोपुर से सरिता जाट निर्विरोध, रामगढ़ शेखावाटी से संतोष देवी, नीमकाथाना से विजय सिंह, खंडेला से पूरण और पाटन से उर्मिला कांग्रेस से उप प्रधान बने।

धोद में भाजपा की प्रियंका सिंह राठौड़ ने निर्दलीय रेशमी कंवर को हराया, जबकि पलसाना में निर्दलीय पूजा ने भाजपा की ज्याना देवी को मात दी। अलवर जिले में गोविंदगढ़ से कांग्रेस के दर्शनलाल निर्विरोध, कठूमर से रेखा मीणा, खेड़ली-सौंखर से धनेश, मुबारिकपुर से अमनप्रीत कौर, राजगढ़ से दिनेश चंद, रामगढ़ से कुलदीप मीणा निर्विरोध, रैणी से रामचरण बैरवा निर्विरोध और उमरैण से वारिसा बानो कांग्रेस से उप प्रधान बने।

लक्ष्मणगढ़ में भाजपा के भीम सैन और मालाखेड़ा में भाजपा की मुनेश चौधरी निर्विरोध चुनी गईं। थानागाजी में भाजपा के सुमित कुमार शर्मा ने कांग्रेस की बिमला मीणा को हराया।

नागौर जिले के परिणामों में आरएलपी का प्रभाव साफ दिखाई दिया। डेगाना में कांग्रेस के हरीश ने भाजपा के सुरेंद्र सिंह को हराया, जबकि भेरूंदा में भाजपा की प्रीति निर्विरोध चुनी गईं। पांचौड़ी में आरएलपी की कमला निर्विरोध उप प्रधान बनीं। नागौर में आरएलपी की भागू देवी ने निर्दलीय अनिता को हराया। खींवसर में आरएलपी के बादल चंद निर्विरोध चुने गए। मेड़ता सिटी में बाबू देवी, मेड़ता रोड-गोटन में अनुपमा, जायल में राजेंद्र, श्रीबालाजी-अलाय में जशोदा और रियांबड़ी में शब्बाना आरएलपी से विजयी रहीं। डेह में कांग्रेस के राजू राम ने निर्दलीय सुखवीर सिंह को हराया। मूंडवा में आरएलपी के मुन्नाराम ग्वाला निर्विरोध चुने गए।

पांचौड़ी और मूंडवा में प्रधान तथा उप प्रधान दोनों पद आरएलपी के खाते में रहे।

मूंडवा में मुन्नाराम ग्वाला ने अंग्रेजी में शपथ भी ली। झुंझुनूं जिले में अलसीसर से कांग्रेस के लुकमान खान, बुहाना से सत्येंद्र, चिड़ावा से विकास, गोठड़ा से पूनम सिंह, झुंझुनूं से मदनलाल, मंडावा से गिरीश, नवलगढ़ से मनजीत सिंह, पिलानी से वेदप्रकाश बांगड़वा और सिंघाना से भतेरी विजयी रहे। सूरजगढ़ में कांग्रेस के प्रवीण बसेरा निर्विरोध चुने गए।

बबाई में भाजपा के प्रभुदयाल, गुढ़ागौड़जी में भाजपा की पुनम और खेतड़ी में भाजपा के सुरेंद्र विजयी रहे। उदयपुरवाटी में निर्दलीय सुमन देवी उप प्रधान बनीं।

भरतपुर की बयाना पंचायत समिति में कांग्रेस के पूर्व विधायक अमरसिंह की बेटी भाजपा से निर्विरोध उप प्रधान बनीं। खास बात यह रही कि उन्होंने पंचायत समिति चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था। अजमेर की पीसांगन पंचायत समिति में कांग्रेस के मेघाराम देवासी उप प्रधान बने।

बदल्या में भाजपा की शोभा गुर्जर निर्विरोध चुनी गईं। सिलोरा में कांग्रेस और आरएलपी गठबंधन की ओर से प्रधान पद का चुनाव लड़ चुकीं गमराज देवी को उप प्रधान पद के लिए भाजपा के खिलाफ मैदान में उतारा गया और वे जीत गई।

दौसा में मनोहरपुर खेड़ला से भाजपा की संगीता मीणा, मंडावर से कांग्रेस के निजामुद्दीन खान और महवा से कांग्रेस की मिश्री देवी गुर्जर निर्विरोध चुनी गईं। बालोतरा की गुड़ामालानी में भाजपा की पारू देवी और धोरीमन्ना में भाजपा के नरपत सिंह निर्विरोध उप प्रधान बने। पाली की रानी पंचायत समिति में भाजपा की मंजूश्री शेखावत निर्विरोध चुनी गईं।

जैसलमेर की भणियाणा में कांग्रेस के बरकत खान, नाचना में कांग्रेस के राजू सिंह, रामगढ़ में कांग्रेस के भूपत सिंह, खुहड़ी में कांग्रेस की दिनेश कंवर और सांकड़ा में कांग्रेस के जसवंत सिंह भैंसड़ा निर्विरोध उप प्रधान बने। डूंगरपुर की पाल देवल पंचायत समिति में निर्दलीय मोनिका डामोर निर्विरोध उप प्रधान बनीं, जबकि भंडारी में भाजपा की लीला देवी का निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। चूरू उत्तर में भाजपा के भंवरलाल कुल्हारी निर्विरोध उप प्रधान बने।

टोंक की टोडारायसिंह पंचायत समिति में भाजपा के कजोड़ बैरवा निर्विरोध उप प्रधान घोषित हुए। कांग्रेस प्रत्याशी नरेश मीणा और उनके समर्थकों को एक मिनट देर होने की बात कहकर पुलिस ने गेट पर रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई।

उदयपुर की ओगणा पंचायत समिति में उप प्रधान चुनाव के दौरान मतगणना में 15 की जगह 16 वोट निकलने से चुनाव निरस्त कर दिया गया। कलेक्टर ने मामले की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी है। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मानवीय भूल के कारण मतदान अधिक हुआ। ओगणा के 15 वार्डों में सात पर कांग्रेस, छह पर भाजपा और दो पर अन्य उम्मीदवार विजयी हुए थे। मामले में आगे की कार्रवाई राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशों के अनुसार होगी।

भीलवाड़ा के खजूरी में शुक्रवार को हुए विवाद और प्रत्याशियों की बस में तोड़फोड़ की जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधीक्षक सागर राणा और भाजपा विधायक गोपी मीणा के बीच भी नोकझोंक हुई।

उप प्रधान चुनाव के परिणाम आने के बाद 37 जिलों से आचार संहिता हटा दी गई है। अब कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में आचार संहिता लागू रहेगी। पंचायतीराज चुनावों की घोषणा के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर से आचार संहिता लागू थी। इसके हटने के बाद तबादलों और नई योजनाओं से जुड़े कार्यों पर लगी रोक भी हट जाएगी।