फरीदाबाद : एपीके फाइल भेजकर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Spread the love

फरीदाबाद, 14 अप्रैल । एपीके फाइल भेजकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मंगलवार को खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को करनाल से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान महाराष्ट्र निवासी शेख मुस्ताक रहीम के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भीमसेन कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि तीन जनवरी को उसे ओम साई राम नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें आरटीओ चालान एपीके नाम की फाइल भेजी गई। उक्त फाइल पर क्लिक करते ही वह उसके मोबाइल फोन में इंस्टॉल हो गई। इसके बाद सात जनवरी को उसको बैंक की ओर से उसकी एफडी के प्रीमैच्योर लिक्विडेशन का संदेश प्राप्त हुआ। जिसके बाद उसके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल सात लाख नौ हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। जिस पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। उसके खाते में ठगी की राशि के सात लाख नौ हजार रुपए ट्रांसफर हुये थे। वह सूरत की एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है तथा अपनी कंपनी के काम से करनाल आया था, जिसको थाना साइबर बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी सहायता से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।