कैथल: मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा

Spread the love

कैथल, 28 अप्रैल । डीसी अपराजिता ने जिले में संभावित बाढ़ से बचाव के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुहला क्षेत्र में घग्गर टटियाना गेज, हांसी-बुटाना नहर और सरोला साइफन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं, ताकि जल प्रवाह सुचारू रहे और किसानों व आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीसी ने सबसे पहले टटियाना गेज का दौरा किया और घग्गर नदी की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 में यहां 84 हजार क्यूसिक और 2025 में 56 हजार क्यूसिक पानी दर्ज किया गया था। आगामी मानसून को देखते हुए विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा के सभी इंतजाम तेजी से किए जा रहे हैं। डीसी ने मौके पर कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद डीसी ने हांसी-बुटाना नहर पर चल रहे मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पटियाला रोड से खराल गांव तक करीब 10 हजार फुट क्षेत्र में एक करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जा रही हैं। यह कार्य जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। डीसी ने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून जल्दी आने की संभावना के मद्देनजर कार्य समय से पहले पूरा किया जाए।

डीसी ने बीएमएल सरोला साइफन का भी निरीक्षण किया, जहां गाद निकालने का कार्य जारी है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी डीसी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर एसडीएम कैथल संजय सिंह, एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह, डीआरओ चंद्र मोहन, कार्यकारी अभियंता गुरविंदर सिंह, दिग्विजय शर्मा, वरुण कंसल, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।