सूरजपुर : 1 मई से 10 जून तक क्लस्टर शिविर

Spread the love

सूरजपुर, 20 अप्रैल । कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके तहत 1 मई से 10 जून तक क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध और प्रभावी निराकरण को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिलेभर में क्लस्टरवार समाधान शिविर आयोजित करने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

क्लस्टरवार तिथि, स्थान और नोडल अधिकारी तय

कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी जनपद पंचायतों में क्लस्टरवार शिविरों की तिथि, स्थान और नोडल अधिकारियों का निर्धारण कर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 अप्रैल 2026 तक राजस्व प्रकरण, मनरेगा भुगतान, हितग्राहीमूलक योजनाएं, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विद्युत तथा हैंडपंप से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 10 जून 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने विभागीय समन्वय, अग्रिम तैयारियों और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आवेदन पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेन्द्र शर्मा, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।