पौड़ी गढ़वाल, 07 जून । गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत प्रतिष्ठित नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड(बीईएल) में चयन प्राप्त किया है।
कैंपस चयन प्रक्रिया में संस्थान के 16 विद्यार्थियों का चयन 13 लाख वार्षिक पैकेज पर हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग से जय कुमार, अमन कुमार, साक्षी जोशी, नेहा मेलकानी एवं अक्षिता नौटियाल तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग से आयुषी कुलाशी, विकास पंवार, हर्षित खर्कवाल, आयुषी सैनी, दिव्यांशी नैथानी, संदीली कपिल, ललित कुमार, कल्पना रानी, मयंक मधुकर, जियांशी एवं अंकिता प्रसाद शामिल हैं।
संस्थान के निदेशक डा. वीके बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन व संस्थान में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। कहा कि जीबीपीआईईटी के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और यह सफलता संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा को प्रदर्शित करती है।
संस्थान के डीन ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट डा. केएस भाटिया ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के लिए उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, प्री-प्लेसमेंट सॉफ्ट स्किल कार्यक्रम, मॉक इंटरव्यू एवं तकनीकी दक्षता विकास गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। कहा कि हाल में 150 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन हो चुका है, जो संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस मौके पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. एमके अग्रवाल, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. भूमिका गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।