मुख्यमंत्री ने परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में लंबी छलांग पर दी बधाई

Spread the love

शिमला, 20 मई । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश को देशभर में छठा स्थान प्राप्त होने पर बधाई दी है।

इस रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश सात अंकों की छलांग लगाकर 13वें स्थान से छठे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि राज्यों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश तीसरे नम्बर पर है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने ‘प्रचेष्टा-2’ की प्रतिष्ठित श्रेणी में जगह बनाई है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

सुक्खू ने कहा कि यह उपलब्धि वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लाए गए विभिन्न सुधारों, गुणात्मक शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूलों में सुविधाओं के विस्तार के कारण संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार का फोकस सिर्फ बिना बजट और बिना स्टाफ के स्कूल खोलने पर रहा, जबकि कांग्रेस सरकार गुणात्मक शिक्षा पर ध्यान दे रही है, ताकि गांव में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके। राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना चाहती है, ताकि उनमें आत्मविश्वास की कोई कमी न रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने शिक्षा क्षेत्र की अनदेखी की, जिससे प्रदेश में शिक्षा के स्तर में गिरावट आई।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों को एक्सपोजर विजिट के लिए विदेश भेजा जा रहा है, ताकि वे वहां की शिक्षा व्यवस्था का अध्ययन कर प्रदेश के स्कूलों में बेहतर व्यवस्थाएं लागू कर सकें। इसके अलावा मेरिट में आने वाले छात्रों को भी विदेश भ्रमण पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है, ताकि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।