नई दिल्ली, 14 नवंबर । दिल्ली में यमुना के तटों से लेकर विभिन्न इलाकों में बने छठ घाटों तक आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण दिखाई दे रहा है। पूर्वांचल की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा से जुड़े इस महापर्व को लेकर दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं छठ पर्व की व्यवस्थाओं पर नजर रख रही हैं। वह रविवार और सोमवार को राजधानी के दो प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच रहेंगी तथा सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगी।
मुख्यमंत्री रविवार (15 नवंबर) को सोनिया विहार स्थित छठ घाट पहुंचेंगी। यहां वह छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगी तथा उनके साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान वह भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर देश और दिल्ली की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी करेंगी। इसके अगले दिन 16 नवंबर, सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री आईटीओ स्थित हाथी घाट पहुंचेंगी। यहां वह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करेंगी। दोनों अवसरों पर मुख्यमंत्री का श्रद्धालुओं के बीच पहुंचना छठ महापर्व के प्रति उनकी आस्था और इस पर्व से जुड़े लाखों लोगों के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को भी दर्शाएगा।
दिल्ली सरकार ने राजधानी में 1400 से अधिक छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य की उपासना के लिए इन घाटों पर विशेष आयोजन किए गए हैं। इनमें यमुना नदी के किनारे बनाए गए प्रमुख घाटों के साथ उत्तरी दिल्ली की मुनक नहर पर विकसित 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट भी शामिल है। इस घाट को श्रद्धालुओं की सुविधा और छठ की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा व सहजता के साथ इस महापर्व को मना सकें।
मुख्यमंत्री छठ पर्व की तैयारियों को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों, विभिन्न जिलों के अधिकारियों, दिल्ली नगर निगम और अन्य संबंधित निकायों के संपर्क में हैं। शनिवार को भी उन्होंने जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छठ घाटों पर आने वाले किसी भी व्रती या श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि बड़े छठ घाटों पर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहें।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों विशेषकर पूर्वांचलवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपरा, पारिवारिक मूल्यों और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। इस महापर्व में व्रतियों की अटूट श्रद्धा, तपस्या, अनुशासन और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। अस्त होते और उगते सूर्य की आराधना हमें जीवन में धैर्य, आशा और निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देती है। छठी मैया और भगवान सूर्य से मेरी प्रार्थना है कि सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों, प्रत्येक परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आए तथा दिल्ली सहित पूरे देश में खुशहाली बनी रहे।