भारत-दक्षिण कोरिया ने सीईपीए के उन्नयन को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई

Spread the love

नई दिल्ली, 28 मई । भारत-दक्षिण कोरिया ने बढ़ते व्यापार घाटे को कम करने और ज्यादा संतुलित आर्थिक साझेदारी सुनिश्चित करने के लिए अपने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को उन्नत (अपग्रेड) करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि 25 से 27 मई तक नई दिल्ली में बातचीत के 12वें दौर के दौरान भारत-कोरिया ने सीइपीए उन्नयन वार्ताओं में प्रगति की समीक्षा की। इस चर्चा के दौरान दोनों देशों ने एक संतुलित और भविष्य-उन्मुख व्यापार साझेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

इन वार्ताओं की सह-अध्यक्षता भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग की संयुक्त सचिव, कपिल चौधरी और कोरिया गणराज्य के व्यापार, उद्योग एवं ऊर्जा मंत्रालय में व्यापार समझौता नीति के महानिदेशक पार्क ग्यून-ओह ने की।

भारत और कोरिया डिजिटल व्यापार, आपूर्ति श्रृंखलाओं और रणनीतिक औद्योगिक सहयोग पर सीईपीए वार्ता का विस्तार करने के लिए उप-समूहों का गठन करेंगे। भारत और दक्षिण कोरिया ने भारत-कोरिया व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (आईके सीईपीए) के उन्नयन को समय-सीमा के भीतर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है, क्योंकि दोनों पक्षों ने इस व्यापार समझौते को आधुनिक बनाने और कोरिया के साथ भारत के बढ़ते हुए व्यापार घाटा सहित अन्य चिंताओं को दूर करने के प्रयासों को तेज कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच 20 अप्रैल, 2026 को हस्ताक्षरित संयुक्त घोषणा के अनुरूप केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कोरियाई व्यापार मंत्री (व्यापार, उद्योग और संसाधन मंत्रालय) यो हान-कू द्वारा कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति के भारत दौरे के दौरान दोनों पक्षों ने ‘भारत-कोरिया सीइपीए’ की उन्नयन वार्ताओं में तेजी लाने की प्रतिबद्धता जताई थी।