आईआरसीटीसी की खानपान इकाइयों का होगा स्वतंत्र ऑडिट, क्यूसीआई से समझौता

Spread the love

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर । भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर खानपान सेवाओं में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत खानपान इकाइयों का स्वतंत्र तृतीय-पक्ष ऑडिट किया जाएगा।

आईआरसीटीसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, क्यूसीआई के प्रमाणित विशेषज्ञ ट्रेनों और स्टेशनों की खानपान इकाइयों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके लिए तिमाही और छह-माही निरीक्षण की व्यवस्था होगी। जांच में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

समझौते पर आईआरसीटीसी के महाप्रबंधक (गुणवत्ता एवं परियोजनाएं) सुधीर वारियर और क्यूसीआई के प्रधान सलाहकार एवं प्रमुख सुब्रतो घोष ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल होगा। निरीक्षक मोबाइल ऐप के माध्यम से स्थान और समय दर्ज करने के साथ तस्वीरों के जरिये साक्ष्य जुटाएंगे। जांच रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर जमा करनी होगी, ताकि कमियों की पहचान कर संबंधित खानपान संचालकों के खिलाफ सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण में भोजन तैयार करने की जगहों की स्वच्छता, कर्मचारियों की चिकित्सकीय फिटनेस, सुरक्षात्मक उपकरणों के इस्तेमाल, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के अलग-अलग भंडारण, भोजन को उचित तापमान पर रखने तथा कीट नियंत्रण की भी जांच होगी।

आईआरसीटीसी के अनुसार, यह समझौता भविष्य में यात्री संतुष्टि सर्वेक्षण, खानपान सुविधाओं के बुनियादी ढांचे की जांच और कर्मचारियों के प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।