बैंकों के हड़ताल से व्यापारिक कामकाज पर असर की आशंका

Spread the love

खूंटी , 27 सितंबर । 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का असर खूंटी के व्यापारिक कामकाज पर पड़ने की आशंका है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर होने वाली हड़ताल के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

खूंटी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव मुकेश जायसवाल ने बताया कि हड़ताल महीने के अंतिम दिनों में होने के कारण व्यापारिक लेन-देन और वित्तीय गतिविधियों पर इसका विशेष प्रभाव पड़ सकता है। इस अवधि में कैश फ्लो और लिक्विडिटी की समस्या उत्पन्न होने के साथ ही लोन प्रोसेसिंग और जरूरी दस्तावेजी प्रक्रियाएं भी प्रभावित होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि चेक क्लियरिंग और व्यावसायिक भुगतान बाधित होने से कारोबारियों को भुगतान संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। महीने के अंत में होने वाली क्लोजिंग प्रक्रिया के कारण भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों और व्यवसायियों के लिए दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से कारोबारियों और आम ग्राहकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हड़ताल के दौरान इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहने से ऑनलाइन भुगतान सहित अन्य डिजिटल लेन-देन किए जा सकेंगे।

चेंबर ने व्यापारियों से हड़ताल की अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक नकदी और भुगतान संबंधी व्यवस्थाओं की पहले से तैयारी रखने की अपील की है।