रामगढ़, 24 अक्टूबर । विश्व ब्राह्मण संघ के संस्थापक एवं अध्यक्ष पंडित मांगे राम शर्मा की जयंती पर शनिवार को रामगढ़ स्थित ओमकार मिशन स्कूल परिसर में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच कंबल और सेब, केला सहित विभिन्न फलों का वितरण किया गया। यह जानकारी विश्व ब्राह्मण संघ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार शर्मा ने दी।
प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि पंडित मांगे राम शर्मा का जीवन देशभक्ति, समाजसेवा और जनहित के कार्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार और कार्यशैली आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। वे आत्मविश्वास, परिश्रम, सभ्यता और आपसी भाईचारे को व्यक्तिगत सफलता तथा सामाजिक विकास का आधार मानते थे।
प्रदीप शर्मा ने कहा कि जाति-धर्म और आपसी द्वेष से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव एवं सहयोग की भावना से समाजहित में कार्य करना ही पंडित मांगे राम शर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनके आदर्शों को अपनाकर शांतिपूर्ण, समरस और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विश्व ब्राह्मण संघ के रामगढ़ जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष महेंद्र दुबे, महासचिव अरुण बनर्जी, जिला कोषाध्यक्ष गोकुल शर्मा के अलावा विवेक शर्मा, विकास पांडेय, विजय ओझा और मुना मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।———