सीआईएससीई रीजनल स्विमिंग चैंपियनशिप में 17 स्कूलों के 70 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 11 अगस्त । मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में मंगलवार को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीआईएससीई रीजनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 17 स्कूलों के 70 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागी तैराकों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन के लिए तैराकों ने अपनी गति और तकनीक का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम में जियाडा, आदित्यपुर के क्षेत्रीय उप निदेशक दिनेश रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके परिश्रम तथा समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने चैंपियनशिप के सफल आयोजन में विद्यालय के अध्यक्ष अखिलेश कुमार दुबे, मानद महासचिव लल्लन प्रसाद राय और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

———–