एयरपोर्ट पर के राजू का भव्य स्वागत, मना सुबोध कांत का जन्मदिन

Spread the love

रांची, 02 जुलाई । झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी के राजू के रांची आगमन पर गुरुवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान एयरपोर्ट परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों और उत्साह से गूंज उठा। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रभारी के राजू ने सुबोध कांत सहाय को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय सार्वजनिक जीवन की कामना की। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहा कि के राजू का झारखंड दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सुबोध कांत सहाय का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, जनसेवा और पार्टी के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है।

कार्यक्रम में विधायक विल्सन कोंगाड़ी, दयामनी बारला, अभिलाष साहू, शशि भूषण राय, कमल ठाकुर, सुरेन राम, अरुण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।