खूंटी, 30 सितंबर । समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास, पंचायती राज और जिला परिषद के तहत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा में मानव दिवस सृजन, पूर्ण और लंबित योजनाओं की प्रखंडवार जानकारी ली। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने, एरिया ऑफिसर मॉनिटरिंग ऐप पर नियमित रिपोर्टिंग तथा सामग्री मद के भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने किस्त प्राप्त कर चुके लाभुकों के निर्माणाधीन और लंबित आवासों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अबुआ आवास और अंबेडकर आवास योजना के लंबित आवासों को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने को कहा। पंचायत स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने का निर्देश भी दिया गया।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में टाइड और अनटाइड फंड के पारदर्शी एवं समयबद्ध उपयोग पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने पंचायत भवनों में संचालित ज्ञान केंद्रों को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा पीएआइ के विभिन्न इंडिकेटर के अनुरूप विकास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल छाजन और जिला परिषद की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सोलर लिफ्ट इरिगेशन, प्लांटेशन, अमृत सरोवर, पथ निर्माण, किचन शेड, बीपीएचयू और इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
बैठक में डीडीसी प्रवीण कुमार प्रकाश सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।————