मैजिक वैन की चपेट में आने से युवक की मौत

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना जलडहर पेट्रोल पंप के पास की है , जहां एक तेज रफ्तार मैजिक वैन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही पटमदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजवाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जलडहर निवासी करीब 40 वर्षीय अजीत सहिस के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय बुधु सहिस के पुत्र थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजीत सहिस पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलटांड़ से झाड़बामनी की ओर जा रही एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने सड़क पार करते समय उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का कारण बनी।

बताया जाता है कि दो महीने पहले ही अजीत के पिता का निधन हुआ था और वे ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। हादसे के समय उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अजीत सहिस मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

पुलिस ने मैजिक वैन को पकड़ लिया है, जबकि चालक भाग निकला है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।