पश्चिमी सिंहभूम, 31 जुलाई । पुलिस ने चक्रधरपुर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए साहेबगंज जिले के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपिताें के पास से चोरी के सामान, मोबाइल कवर और घटना में इस्तेमाल की गई बाााइकक भी बरामद की है। मामले का खुलासा शुक्रवार को चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस वार्ता में किया।
उन्होंने बताया कि दुकान संचालक आशीष पाड़िया की शिकायत पर चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 23 और 24 जुलाई की रात अज्ञात अपराधियों ने रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान से करीब 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधियों ने दुकान के पीछे बने वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर प्रवेश किया था। अंदर घुसने के बाद सबसे पहले उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया और डीवीआर अपने साथ ले गए, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें। इसके बाद शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में नए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच सहित कई औजार बरामद किए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने साहेबगंज जिले के अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) और असराउल अली (33) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किया गया मोबाइलों की सूची, लाल रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक (जेएच06एच-7510) और रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान से चोरी किए गए आठ नए मोबाइल कवर बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ जारी है और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।