विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

Spread the love

खूंटी , 24 सितंबर । झारखंड विधानसभा प्राक्कलन समिति ने गुरुवार को परिसदन में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की।

बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू ने की। समिति के सदस्य नागेंद्र महतो सहित अन्य सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में विशेष प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य, ग्रामीण कार्य, कल्याण, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, ग्रामीण विकास, खाद्य आपूर्ति, राजस्व तथा नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा, प्राक्कलन और अब तक हुए व्यय का ब्योरा लिया गया।

जिला पदाधिकारियों की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर समिति ने विभागवार संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। समिति ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

सभापति हेमलाल मुर्मू ने जनहित से जुड़े विकास कार्यों में पारदर्शिता और कार्य की गति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि उनका लाभ निर्धारित समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में डीडीसी, खूंटी सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।