पलामू, 07 अप्रैल । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के निमिया में प्रज्ञा केंद्र संचालक राहुल विश्वकर्मा के घर में आग लग गई। घटना मंगलवार तडके सुबह हुई। इस घटना में दो कमरों के मकान में रखे सारे सामान जल गए। नगद सहित करीब ढाई लाख रुपए की संपत्ति जल जाने की जानकारी दी गई है। इस संबंध में शहर थाना में मामला भी दर्ज कराया गया है।
प्रज्ञा केंद्र संचालक राहुल ने बताया कि पत्नी संगीता देवी और बच्चे घर में सोए हुए थे। अचानक कमरे में धुआं भर गया और आग की तेज लपटे उठने लगी। पत्नी और बच्चों ने किसी तरह कमरे से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था।
राहुल ने बताया कि 50 से 60 हजार रूपए नगद के अलावा ढाई लाख रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है। घर में कोई ऐसा सामान नहीं बच्चा जिसका इस्तेमाल किया जा सके। नगद राशि बच्चों के रीएडमिशन और किताब-कॉपी खरीदने के लिए बचाकर रखी गई थी। इस घटना से उसकी कमर टूट गई है।
राहुल और उसकी पत्नी ने पलामू जिला प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया है।