आईआईटी-आईएसएम में खनन-26 का उद्घाटन, सुरक्षा और नई तकनीक पर जोर

Spread the love

धनबाद, 26 सितंबर । आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग और एसएमई स्टूडेंट चैप्टर की ओर से आयोजित वार्षिक टेक्नो-माइनिंग फेस्ट ‘खनन-26’ का शनिवार को पेनमैन ऑडिटोरियम में उद्घाटन हुआ। आईआईटी (आईएसएम) के सेंचुरी ईयर में आयोजित यह खनन का 11वां संस्करण है।

उद्घाटन समारोह में माइनिंग सेक्टर में सुरक्षा, नई तकनीक, ऑटोमेशन, डिजिटलाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्रिटिकल मिनरल्स पर चर्चा हुई। डीजीएमएस के महानिदेशक सह मुख्य खान निरीक्षक आरटी मंडेकर मुख्य अतिथि रहे। ईसीएल के सीएमडी डॉ. सतीश चंद्र झा और एपिरोक इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी सेंटर के प्रबंध निदेशक एवं महाप्रबंधक चंदू राव विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता आईआईटी (आईएसएम) के डीन (फैकल्टी) एवं निदेशक-प्रभारी प्रो. एमके सिंह ने की।

मंडेकर ने कहा कि खनन में उत्पादन के साथ सुरक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी को समान महत्व देना जरूरी है। उन्होंने ईएसजी मानकों, वैश्विक बेहतर कार्यप्रणालियों और क्रिटिकल मिनरल्स के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स के क्षेत्र में काम करने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. डीपी मिश्रा ने कहा कि ‘खनन-26’ छात्रों की प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार को मंच देने का प्रयास है। प्रो. एमके सिंह ने सतत विकास और सुरक्षा को माइनिंग के लिए अनिवार्य बताया। चंदू राव ने इलेक्ट्रिफिकेशन, ऑटोमेशन और डिजिटलाइजेशन पर जोर दिया।

फेस्ट के तहत टेक्नो-माइनिंग प्रतियोगिताएं, माइनिंग ओलंपियाड, क्विज, इंडस्ट्री इंटरैक्शन और विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। एपिरोक, एनटीपीसी माइनिंग, एनसीएल इंडिया, एमसीएल और जिंदल स्टील इसका सहयोग कर रहे हैं।