चतरा जिला स्थापना दिवस पर 851 झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

Spread the love

चतरा, 29 मई । चतरा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड राज्य गठन आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 851 अधिसूचित आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर के 122 तथा प्रखंड स्तर के 729 आंदोलनकारियों को शॉल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कई आंदोलनकारियों ने इस दौरान झारखंड आंदोलन से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे कार्यक्रम भावुक और प्रेरणादायक बन गया।

उपायुक्त रवि आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि चतरा जिला का गठन 29 मई 1991 को हजारीबाग जिले से अलग होकर हुआ था। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

सांसद कालीचरण सिंह और विधायक जनार्दन पासवान ने भी आंदोलनकारियों के त्याग, समर्पण और संघर्ष को राज्य की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण इन्हीं आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है।

इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह, उपायुक्त रवि आनंद, विधायक जनार्दन पासवान तथा जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, प्रभारी जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी विनय कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित रहे।———–