(अपडेट ) लोहरदगा के उरूमुरु गांव में सांप्रदायिक शांति कायम रखने के लिए दोनों पक्षों ने बनाई कमिटी, जुलूस में डीजे पर प्रतिबंध

Spread the love

लोहरदगा, 25 जनवरी । लोहरदगा जिला अंतर्गत कुडु प्रखंड के उरूमुरु गांव में रविवार को हुई घटना के बाद दोनों समुदायों ने आपसी सहयोग और शांति कायम रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। दोनों पक्षों ने जांच कमिटी गठन और जुलूस में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने पर भी दोनों पक्षों ने सहमति दी।

घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में समाज के सभी प्रबुद्धजनों ने शांति समिति की बैठक की। बैठक में सभी ने एक स्वर में निर्णय लिया कि वे आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ रहेंगे और भविष्य में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करेंगे।

घटना में घायल व्यक्तियों का इलाज सदर अस्पताल, लोहरदगा में वरीय चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा है। चिकित्सकों ने घायलों की हालत स्थिर बताई है और उन्हें आवश्यक उपचार प्रदान किया जा रहा है।

बैठक के बाद जिला प्रशासन ने जिले के आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य स्रोतों से प्राप्त अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदेश को बिना सत्यता जाने दूसरों तक फॉरवर्ड न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए वे सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने कहा कि जिले के नागरिक सजग और जिम्मेदार होकर समाज में शांति और अमन-चैन बनाए रखने में अपना बहुमूल्य सहयोग दें।

उल्लेखनीय है कि उरूमुरु गांव में हुई घटना ने जिले में सामुदायिक तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी। हालांकि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सक्रियता के चलते स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर शांति समिति बनाई, जिसमें दोनों समुदायों ने भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।————