पूर्वी सिंहभूम, 26 अक्टूबर । जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर में पुलिस ने जुआ अड्डे पर छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मकान मालिक प्रीतपाल सिंह भी शामिल है। पुलिस ने मौके से सात लाख 67 हजार 400 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।
सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार, 25 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रकाश नगर स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर जुआ खेलने और खिलाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चिह्नित मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मकान के अंदर कई लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाते मिले। मौके पर टेबल पर नकदी और ताश के पत्ते बिखरे पड़े थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद सभी 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नकदी, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त कर लिए।
सिटी एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान मालिक प्रीतपाल सिंह जुआ खेलने वालों से प्रत्येक राउंड के बदले पैसे वसूलता था। इसके अलावा पुलिस को रुपये दोगुने करने का लालच देकर लोगों से ठगी किए जाने की भी सूचना मिली है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में प्रवीण सिंह, अनिरुद्ध सिंह, हीरालाल गुप्ता, आफताब आलम, प्रीतपाल सिंह, बिमलेश सिंह, राजेश कुमार, राजा मंडल, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, रवि गुप्ता, मिथुन कुमार, आकाश मुंडा, पप्पू शर्मा और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में जुआ संचालन के साथ संभावित ठगी के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।———-