एशियन गेम्स के लिए झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का भारतीय टीम में चयन

Spread the love

रांची, 07 सितंबर । जापान के नागोया शहर में 19 सितंबर से चार अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए झारखंड की प्रतिभाशाली साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का चयन भारतीय साइकिलिंग टीम में हुआ है। सरिता के चयन से झारखंड के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। वह एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

यह जानकारी सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने दी। उन्होंने बताया कि सरिता कुमारी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता साबित की है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला है।

झारखंड साइकिलिंग संघ ने सरिता के चयन को राज्य में साइकिलिंग खेल के बढ़ते स्तर और यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही पहचान का महत्वपूर्ण प्रमाण बताया है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरिता का चयन झारखंड के उभरते साइकिलिस्टों के लिए भी प्रेरणादायक है।

संघ ने उम्मीद जताई कि सरिता कुमारी एशियन गेम्स में अपने प्रदर्शन से देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी। संघ के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सरिता के भारतीय टीम में चयन पर राजमहल सांसद विजय हांसदा, राज्य के खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन,पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।————-