उप्र विधान परिषद चुनाव : झांसी में 10 बजे तक 7.38 फीसदी मतदान

Spread the love

झांसी, 23 अक्टूबर । प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक एमएलसी निर्वाचन के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया। जिले में 31 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 47 बूथों पर कुल 25 हजार 220 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुरुआती दो घंटे में मतदान की गति धीमी रही। सूचना विभाग के अनुसार सुबह 10 बजे तक जिले में 7.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान को लेकर केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी विकास कुमार सुबह आठ बजे से ही क्षेत्र में भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

प्रयागराज-झांसी सीट के चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी के बीच माना जा रहा है। हालांकि चुनाव मैदान में मौजूद निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से मिल रहे वोट दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों के चुनावी गणित को प्रभावित कर सकते हैं।

मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष सहजेन्द्र बघेल ने मतदान करने के बाद अपना फ़ोटो खिंचवाया। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने भी मतदान के बाद तस्वीर जारी की।