जयपुर, 30 अक्टूबर । दुर्गापुरा से जेएलएन मार्ग जाने वाले एसएल मार्ग स्थित केसर स्वीट्स को सीएमएचओ टीम ने शुक्रवार को सीज कर दिया। दुकान से लिए गए काजू कतली के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए थे। इसके बावजूद खाद्य लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी दुकान पर मिठाइयों की बिक्री जारी थी।
सीएमएचओ जयपुर डॉ. मनीष मित्तल के अनुसार सीएमएचओ टीम ने 24 अगस्त को केसर स्वीट्स पर छापा मारकर काजू कतली सहित कई मिठाइयों के नमूने लिए थे। जांच रिपोर्ट में काजू कतली का नमूना अनसेफ मिला। इसके बाद खाद्य लाइसेंस 26 अक्टूबर को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन दुकान का कारोबार बंद नहीं हुआ।
मामले में एक महीने से अधिक समय तक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा मीडिया में आने के बाद भी दुकान पर मिठाइयों की बिक्री जारी रही। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री के स्तर पर शिकायत पहुंची। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया और सीएमएचओ जयपुर डॉ. मनीष मित्तल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलने पर सीएमएचओ टीम ने दुकान पर पहुंचकर ताला लगवाया और उसे सीज कर दिया।