कासगंज, 29 जून । उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में साेमवार पूर्वान्ह एक प्रशिक्षण विमान अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश हाे गया। विमान के हाई टेंशन तार से टकराने के बाद निर्माणाधीन सड़क के किनारे गिरने से महिला प्रशिक्षु पायलट घायल हो गई है।
घायल काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि आज दोपहर बाद करीब 3:30 बजे अलीगढ़ जनपद के धनीपुर हवाई पट्टी से अपने नियमित प्रशिक्षण पर निकला प्रशिक्षण विमान हवा में ही अनियंत्रित हाेकर कासगंज जनपद के क्षेत्र में पुलिस लाइन के निकट निर्माणाधीन बरेली-मथुरा राजमार्ग मार्ग के किनारे जा गिरा। इस ट्रेनीज टू सीटर एयरक्राप्ट संख्या वीटी-एएफबी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिला पायलट गंभीर रूप से घायल हाे गई। पायलट की पहचान मुम्बई (महाराष्ट्र) के पावई विहार निवासी कायनात पुत्री कादिरखान (27 वर्ष) के रूप में
हुई।
विमान दुर्घटना की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन में हड़कंप बच गया। तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और चिकित्सकों की टीम सहित एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से प्रशिक्षु पायलट कायनात को एयर क्राप्ट से निकाल कर जिला अस्पताल कासगंज भिजवाया गया।
स्थानीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को धनीपुर हवाई पट्टी के प्रभारी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि ट्रेनीज एयरक्राफ्ट अपनी नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था, जिसको प्रशिक्षणरत पायलट कायनात उड़ा रही थी। हवा में रास्ता भटकने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अनिल कुमार ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विमानन अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। विमान दुर्घटना के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शनों ने बताया कि विमान आसमान से नीचे अचानक गिरने लगा और इसी दौरान विमान का आगे का हिस्सा विद्युत हाई टेंशन लाइन से टकरा गया और तेज रफ्तार पर जमीन में जा गिरा, क्योंकि सड़क का निर्माण हो रहा है, कच्ची मिट्टी डाली गई है, इसलिए विमान में आग नहीं लग पाई और पायलट की जान बच गई।