कोरबा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन किया गया।
इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें वनपट्टा की जांच, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, लंबित वेतन भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्त जारी कराने, पीएम आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत, राहत राशि और भूमि अधिग्रहण के मुआवजे से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा आजीविका से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर भी नागरिकों ने आवेदन सौंपे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवेदनों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विभागीय जांच या अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जानी है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनदर्शन में जिले के ग्रामीण और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से भी नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के माध्यम से निराकरण के लिए आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।