सहरसा, 24 जनवरी । जनता दल यूनाइटेड ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102 वी जयंती समारोह मनाया। शनिवार काे जिला परिषद पूजा रिसोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया ने की।
मुख्य अतिथि दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि स्मृति शेष कर्पूरी ठाकुर को कम अवधि के लिए ही बिहार के गद्दी पर बैठने का अवसर मिला लेकिन इस अल्प अवधि में भी उन्होंने यह साबित कर दिखाया कि सच्ची लगन और ईमानदार प्रयास से समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।आज पूरा देश उस दिवंगत आत्मा को स्मरण कर रहा है कि कैसे शोषित पीड़ित वंचितों को समाज के मुख्य धारा में लाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि कर्पूरी जी ऐसे काल खंड में बिहार को ईमानदार नेतृत्व दिए जब मनुवादी संस्कृति चरम पर थी । जाति वादी व्यवस्था का बोलवाला था इन कठिन दौर में भी सब के साथ सामंजस्य स्थापित कर गैर बराबरी के दूरी को कम किए ।आज बिहार उनके संकल्प को आत्म सात कर रहा है । इस से बढ़ कर उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और क्या हो सकती है ।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और रोजगार के बल पर बिहार का चेहरा बदल रहा है।अब जल्द ही बिहार भी अग्रणी श्रेणी के राज्यों में शुमार होगा। विधायक अजय चौधरी ने कहा कि कर्पूरी आमजन से नायक के दूरी तय किए हैं इसीलिए लोग उन्हें जननायक कहते हैं।ये साधारण नहीं है।उन्होंने निजी और सार्वजनिक जीवन में उच्च आचरण के मापदंड को स्थापित किए हैं ऐसे महान आत्मा को कोटिश: स्मरण हो।