पटना, 24 जनवरी । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को समृद्धि यात्रा के दौरान वैशाली पहुंचे और जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति देते हुए कुल 152 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 54 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 98 करोड़ रुपये की लागत से 103 विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व में महनार, वैशाली सहित संपूर्ण बिहार समग्र, समावेशी और सतत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार को देश के शीर्ष दस विकसित राज्यों में शामिल करना मुख्यमंत्री का संकल्प है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसी क्रम में वैशाली जिले में 1200 एकड़ से अधिक भूमि पर एक बड़े उद्योग पार्क के निर्माण का प्रस्ताव है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस उद्योग पार्क के स्थापित होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वैशाली जिले में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का कार्य अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होने के बाद जिलेवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही 54.45 करोड़ रुपये की लागत से वाया नदी की उड़ाही का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी और किसानों को सिंचाई का लाभ प्राप्त होगा।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिले में शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। वैशाली में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई तथा जीएनएम और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त, वैशाली में विश्वस्तरीय एवं अत्याधुनिक बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मारक स्तूप का निर्माण किया गया है, जो देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक नए आकर्षण केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, खेल, सड़क, उद्योग सहित अनेक क्षेत्रों में विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है। आने वाले समय में इससे न केवल वैशाली जिला, बल्कि पूरे बिहार की एक नई, सशक्त और विकसित तस्वीर सामने आएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में “विकसित बिहार” का सपना अवश्य साकार होगा।