मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी में परिवहन उप निरीक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न, 21 अधिकारियों ने लिया बुनियादी प्रशिक्षण

Spread the love

भोपाल, 06 जून । मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में तीन माह तक चले परिवहन उप निरीक्षक बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 मार्च से 5 जून तक आयोजित किया गया, जिसमें 21 परिवहन उप निरीक्षकों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए आदर्श कटियार ने प्रशिक्षु अधिकारियों से सेवा के दौरान अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग बेहतर यातायात प्रबंधन तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नवीन आपराधिक कानूनों, मोटरयान अधिनियम, पुलिस नियमों एवं प्रक्रियाओं, नेतृत्व विकास, पुलिस अनुशासन और व्यावसायिक दक्षता से जुड़े विषयों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही आर्म्स प्रशिक्षण, परेड, बलवा नियंत्रण अभ्यास, शारीरिक प्रशिक्षण, योग और अन्य फील्ड गतिविधियों का भी व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षणार्थियों को डायल-112, पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस मुख्यालय, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), स्मार्ट सिटी कंट्रोल सेंटर और फ्लाइंग स्क्वॉड सहित विभिन्न संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

अकादमी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, समन्वय कौशल और जनोन्मुखी पुलिसिंग के सिद्धांतों पर विशेष जोर दिया गया। समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षु परिवहन उप निरीक्षकों और उप पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षणार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अकादमी के उप निदेशक संजय कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक रश्मि पाण्डेय, यास्मीन जहरा, ज्योति उमठ सहित अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।