मंदसौरः योग दिवस पर 5000 लोगों ने किया सामूहिक योग एवं ध्यान

Spread the love

मंदसौर, 21 जून । मध्य प्रदेश के मंदसौर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अर्हं ध्यान योग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से नूतन स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लगभग 5000 लोगों ने सहभागिता करते हुए योग, ध्यान एवं आत्मिक जागरण का अनुपम अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में अर्हं श्री ने उपस्थित जनसमूह को योग एवं ध्यान की विशेष साधनाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पंच नमस्कार मुद्रा का अभ्यास करवाया, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों के लिए अत्यंत प्रभावशाली एवं लाभकारी तकनीक मानी जाती है। हजारों लोगों ने एक साथ इस मुद्रा का अभ्यास कर सकारात्मक ऊर्जा, शांति एवं आत्मिक संतुलन का अनुभव किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री सुधीर गुप्ता रहे। अपने संबोधन में उन्होंने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता की नई चेतना का संचार करते हैं।

कार्यक्रम का सबसे विशेष एवं भावपूर्ण क्षण वह रहा जब अर्हं श्री ने हजारों उपस्थित जनों को ध्यान साधना कराई। पूरे स्टेडियम में अद्भुत शांति, एकाग्रता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण निर्मित हो गया। ध्यान सत्र के पश्चात एक प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ह्यअर्हं श्री के मार्गदर्शन में किया गया यह ध्यान सत्र अत्यंत मंत्रमुग्ध कर देने वाला था। इतने विशाल समूह में भी जो शांति, ऊर्जा और आत्मिक अनुभूति प्राप्त हुई, वह शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती।

आचार्य समयसागर महाराज के आशीर्वाद एवं अर्हं योग प्रणेता मुनि श्री 108 प्रणम्यसागर जी महाराज की प्रेरणा से संचालित अर्हं ध्यान योग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं जीवन मूल्यों पर आधारित प्रेरक संदेशों का भी समावेश रहा।

इस दौरान बच्चों ने अर्हम गीत पर मंगलाचरण नृत्य भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मंदसौर जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं अर्हं ध्यान योग व सकल जैन समाज के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सबसे बड़े जन-सहभागिता आधारित योग आयोजनों में से एक रहा। आयोजन ने स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता एवं सामाजिक एकता का सशक्त संदेश देते हुए उपस्थित सभी लोगों को योगमय जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ चंदा भरत कोठारी ने किया।