फतेहाबाद, 29 नवंबर । राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव लहरिया में बूथ नंबर 151 पर ग्रामवासियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के विचारों, प्रेरणादायी प्रसंगों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को सुना। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ जनभागीदारी और सामाजिक सहभागिता को नई प्रेरणा देने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। इससे अन्य लोगों को भी समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक पहल करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के नागरिकों को एक-दूसरे के अच्छे कार्यों से जोडऩे और सामूहिक जिम्मेदारी का भाव मजबूत करने का माध्यम है। प्रधानमंत्री अपने संवाद में सामाजिक बदलाव, नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और नागरिक कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता देते हैं। इनसे लोगों को अपने आसपास सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरणा मिलती है। राज्यसभा सांसद बराला ने कहा कि राष्ट्र का विकास केवल सरकारी योजनाओं और प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। गांवों की तरक्की और सामाजिक बदलाव के लिए सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका होती है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाता है, तो छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं।