सीहोरः नवरात्रि के पहले दिन विजयासन देवी धाम सलकनपुर में उमड़े हजारों श्रद्धालु

Spread the love

सीहोर, 11 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में रविवार को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन हजारों श्रद्धालु मां विजयासन देवी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से दर्शन का लाभ मिल सके।

कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम में हेल्थ कैंप की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।