राजगढ़ः खाना बनाने से मना करने पर पति ने कुदाली से प्रहार कर पत्नी की हत्या

Spread the love

राजगढ़, 8 मई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचैहान थाना पुलिस ने टीम ने मुखबिर की सूचना पर खाना बनाने से मना करने पर पत्नी पर कुदाली से प्रहार कर हत्या करने वाले आरोपित पति को महज कुछ ही घंटों में हिरासत में लिया। एसडीओपी नेहा गौर ने शुक्रवार को सारंगपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 6 मई को सूचना मिली कि ग्राम घोंसला में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है।

पुलिस मौके पर पहुँची तो लगभग 50 वर्षीय महिला अपने घर में खून से लथपथ मिली। महिला के सिर और छाती पर गंभीर चोटें थी। जांच के दौरान मृतिका के पति सिद्धनाथ व उनके बेटों से पूछताछ की गई। पुलिस को संदेह तब हुआ जब मृतिका के बेटों के कपड़ों पर खून के निशान पाए गए, जबकि पति सिद्धनाथ के कपड़ों पर कोई निशान नहीं था, जबकि वही सबसे पहले शव देखने की बात कह रहा था।

विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर एएसपी केएल.बंजारे के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। गांव से लगभग 500 मीटर दूर नाले के पास खून के धब्बे मिले। जब सिद्धनाथ से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने पत्नी की हत्या करने का अपराध स्वीकार कर लिया। विवाद घरेलू बात पर हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पत्नी पर हमला किया और बाद में खुद को निर्दोष दिखाने की कोशिश की।

आरोपित द्वारा बताए गए सभी बिंदुओं का पुलिस ने मौके पर सत्यापन किया, जो सही पाया गया। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।