फतेहाबाद, 16 अगस्त । हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने रतिया में छापेमारी कर एक नशा तस्कर को 545 ग्राम गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान वार्ड नं. 17, रतिया निवासी हरपाल सिंह के के रूप में हुई है। रविवार को एनसीबी फतेहाबाद यूनिट के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि ब्यूरो की एक विशेष टीम सहायक उपनिरीक्षक महेश कुमार के नेतृत्व में न्यू बस स्टैंड रतिया के आसपास गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि रतिया का रहने वाला एक व्यक्ति इलाके में अवैध रूप से नशीला पदार्थ सप्लाई करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई महेश कुमार की टीम ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और न्यू बस स्टैंड के पास घेराबंदी करके संदिग्ध युवक को दबोच लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमानुसार तुरंत मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाया गया। उनकी देखरेख में जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 545 ग्राम गांजा बरामद हुआ। नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी हरपाल के खिलाफ थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया है। इसके बाद आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह गांजा कहां से खरीदकर लाया था और रतिया में किन-किन लोगों को बेचने वाला था।