जयपुर, 30 अगस्त । बारिश का दौर थमने से प्रदेश में आमजन उमस व गर्मी से परेशान नजर आ रहे है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा रही है। 3 सितम्बर से उत्तर-पूर्वी व पूर्वी भागों में बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 0.8 और रात के तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में भी उमस और गर्मी देखने को मिली। दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल भी नजर आए।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में तीव्र होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बनने की प्रबल संभावना है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रह सकती है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी व पूर्वी भागों में 3 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहेगी। हालांकि, 5 से 8 सितंबर के दौरान बीकानेर संभाग में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।