नैनीताल, 31 अगस्त । नैनीताल जनपद में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार को अवकाश रहा, लेकिन बारिश सामान्य रही। जनपद मुख्यालय में बादलों की मौजूदगी के बीच सुबह धूप के दर्शन भी हुए, लेकिन शाम को बारिश शुरू हुई जो समाचार लिखे जाने तक भी जारी है।
सुबह सुबह 8 बजे तक के बीते 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार इस दौरान जनपद में औसतन 15.17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। लगातार वर्षा के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नौ ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की 31 अगस्त शाम चार बजे की रिपोर्ट के अनुसार, वर्षा के कारण 24 अगस्त की अब आयी जानकारी के अनुसार अतिवृष्टि से धारी तहसील के ग्राम सरना में कीर्तिबल्लभ पुत्र मोती राम और ग्राम गुनीगांव निवासी दीपा देवी पत्नी चंद्रशेखर क्षेत्र में दो भवनों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पहुंची है।
रिपोर्ट के अनुसार 31 अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे तक नैनीताल में 37 मिलीमीटर, हल्द्वानी में सात, रामनगर में 10.2, कालाढूंगी में 33, भीमताल में तीन, बेतालघाट में नौ, धारी में 24, मुक्तेश्वर में 21 तथा कोश्याकुटौली में 7.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। जिले में वर्ष की शुरुआत से अब तक औसत 775.37 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
वर्षा के चलते रातीघाट-बुध़लाकोट, बेतालघाट-रोपा, मौना-ल्वेशाल-कालापातल, ढोलीगांव-कोटपांडे, सूर्याकौंता-ककोड़, खनस्यूं-टांडा, चमड़िया-लोहाली, मौरनौला-भीड़ापानी तथा खुजेठी -भोनरा मार्ग अवरुद्ध बताए गए हैं। इनमें कुछ मार्गों के आज ही खुल जाने की संभावना बतायी गई है। सभी नदियों में जल स्तर निर्धारित स्तर से नीचे हैं। विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है।