ऑपरेशन “नया सवेरा” के तहत 9 नाबालिग लड़कियां मुक्त

Spread the love

सीवान, 09 मई । अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “नया सवेरा” के तहत सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जामो बाजार थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इस दौरान दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अप्रैल माह से अब तक कुल 52 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जामो बाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उन नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जिन्हें कथित रूप से प्रताड़ित कर जबरन आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिला निवासी राहुल दास एवं धिरेन प्रमाणिक के रूप में हुई है। दोनों पर मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी लड़कियों के वास्तविक नाम, पते और उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग या गिरोह सक्रिय हैं। मामले में जामो बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छापेमारी दल में महिला थाना की थानाध्यक्ष पु.अ.नि. सोनी कुमारी, जामो बाजार थानाध्यक्ष धीरज कुमार, एएचटीयू सिवान की टीम तथा रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के सदस्य शामिल थे।

सीवान पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला या नाबालिग के शोषण, मानव तस्करी या अनैतिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031683607 या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।