कैथल: धान की खरीद न होने पर किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा ताला

Spread the love

कैथल, 08 अक्टूबर । जाखौली अड्डा स्थित नई अनाज मंडी में धान की खरीद और उठान व्यवस्था को लेकर किसानों का गुस्सा वीरवार को फूट पड़ा। खरीद सुचारू न होने से नाराज किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया और वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने मंडी प्रशासन, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

किसानों का आरोप था कि मंडी में धान की आवक लगातार हो रही है, लेकिन खरीद व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक हैफेड, डीएफएससी, वेयरहाउस सहित सभी खरीद एजेंसियों की ओर से नियमित रूप से खरीद शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

धरने पर बैठे किसानों होशियार सिंह प्योदा, हर्षदीप, प्रदीप, नरेंद्र व अन्य ने आरोप लगाया कि मंडी में धान की खरीद के साथ-साथ किसानों को फसल का उचित भाव भी नहीं मिल रहा। किसानों के अनुसार निर्धारित नमी के मानकों पर करीब 2400 रुपये तक का भाव मिलने वाली धान की ढेरियों को भी 2100 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में खरीदा जा रहा है। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए खरीद एजेंसियों पर मनमानी के आरोप लगाए।

किसानों ने कहा कि वे इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। किसानों के अनुसार मंडी में धान की खरीद के लिए सैलरों का आवंटन नहीं हो पाया है। करीब 90 फाइलें अधिकारियों की टेबल पर पड़ी होने की बात किसानों ने कही। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खरीद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें अपनी फसल मंडी से बाहर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।