जबलपुरः चोरी का खुलासा, चुराये हुये सोने के जेवर कीमती लगभग 20 लाख रूपये के जब्त

Spread the love

जबलपुर, 23 मई । मध्य प्रदेश के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये के जेवर चोरी की वारदात का पुलिस ने शनिवार खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने बताया कि ग्वारीघाट थाना में आस्था नगर निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे अमेरिका के पेनसिलवेनिया राज्य में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं। उनकी मां नलिनी द्विवेदी की बीमारी के दौरान उन्हें जबलपुर लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मां के कमरे की अलमारी के लॉकर में करीब 13-14 तोला सोने के जेवर और करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण रखे हुए थे। मई 2026 में अमेरिका लौटने की तैयारी के दौरान उन्होंने अलमारी खोली तो अधिकांश सोने के जेवर गायब मिले, जबकि खाली बॉक्स उसी तरह रखे हुए थे। इसके बाद ग्वारीघाट थाना में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घर में काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान खाना बनाने वाली ज्योति ठाकुर पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि कुछ जेवर उसने अपने बेटे यश ठाकुर को रखने के लिए दिए थे, जबकि बाकी जेवर घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सोने का हार, पेंडेंट सेट, कान के टॉप्स, मंगलसूत्र, चैन, चूड़ियां, झुमकी, अंगूठी सहित अन्य आभूषण बरामद किए। बरामद जेवरों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी ग्वारीघाट एच.आर. आटनेरे, उप निरीक्षक परिणीता बेलेकर, आरक्षक संजय गोस्वामी, प्रधान आरक्षक नेहा दुबे और आरक्षक सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।