पीएम के नेतृत्व में कानपुर को मिलीं कई बड़ी विकास परियोजनाएं : रमेश अवस्थी

Spread the love

कानपुर, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कानपुर से विशेष लगाव रहा है और उनके नेतृत्व में शहर को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, एलिवेटेड रोड, मेट्रो और आउटर रिंग रोड जैसी योजनाओं से कानपुर के विकास को नई दिशा मिली है। यह बातें सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मोतीझील में आयोजित दीपोत्सव के दौरान कही।

प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान के तहत मोतीझील में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। 76 हजार दीपों से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दीपोत्सव का हिस्सा बने।

आयोजन में ड्रोन शो के जरिए विकसित भारत की झलक प्रस्तुत की गई। आसमान में ड्रोन से बनाई गई विभिन्न आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुए कार्यक्रम में भाजपा के सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने भी दीप प्रज्ज्वलित किया। भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष रामकिशोर साहू और क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मोतीझील में मिशन सिंदूर की झलक भी देखने को मिली। रंगोली के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य और पहलगाम हमले के बाद किए गए ऑपरेशन सिंदूर को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। देर तक चले आयोजन में दीपों से सजा मोतीझील लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।