दर्रा स्कूल में अंग्रेजी शिक्षक के तबादले पर विरोध, छात्र-पालक पहुंचे डीईओ कार्यालय

Spread the love

धमतरी, 31 अगस्त । कुरुद विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दर्रा में अंग्रेजी विषय के व्याख्याता गजेंद्र सिंह राजपूत के स्थानांतरण के विरोध में सोमवार को छात्र-छात्राएं और पालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षक का तबादला रोककर उन्हें वापस दर्रा स्कूल में पदस्थ करने की मांग को लेकर डीईओ मधुलिका तिवारी को ज्ञापन सौंपा।

विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक के स्थानांतरण के बाद स्कूल में अंग्रेजी विषय का कोई अन्य शिक्षक नहीं है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि व्याख्याता गजेंद्र सिंह राजपूत करीब 15 वर्षों से दर्रा स्कूल में पदस्थ थे। वे अंग्रेजी विषय को सरल एवं प्रभावी तरीके से पढ़ाते रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को विषय समझने में आसानी होती है। हाल ही में उनका स्थानांतरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडेल कर दिया गया। इसके बाद दर्रा स्कूल में अंग्रेजी विषय के शिक्षक का पद रिक्त हो गया है। अभिभावकों ने बताया कि व्यवस्था के तहत शिक्षक का कुंडेल स्कूल स्थानांतरण किए जाने से दर्रा स्कूल के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। त्रैमासिक परीक्षा नजदीक है और इसके बाद बोर्ड परीक्षा भी होगी। ऐसे समय में अंग्रेजी विषय का शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए गजेंद्र सिंह राजपूत को वापस दर्रा स्कूल में पदस्थ किया जाना चाहिए।

विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिक्षक के स्थानांतरण पर रोक लगाकर उन्हें पुनः दर्रा स्कूल में पदस्थ करने की मांग की है। उन्होंने तीन दिन के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।डीईओ मधुलिका तिवारी ने बताया कि दर्रा स्कूल में पदस्थ व्याख्याता गजेंद्र सिंह राजपूत के संबंध में इस कार्यालय को गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थी। शिकायतों के संदर्भ में जांच अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें व्यवस्था के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडेल में पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि दर्रा स्कूल के कुछ छात्र-छात्राएं एवं पालक इसी आदेश के विरोध में कार्यालय पहुंचे थे। उनकी मांगों पर विचार करते हुए संबंधित शिक्षक को पुनः दर्रा स्कूल भेजने पर सहमति दी गई है। शिक्षक के संबंध में प्राप्त शिकायतों एवं जांच से जुड़ी आगामी कार्रवाई शासकीय नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक के एलआईसी एजेंट के रूप में कार्य करने की लिखित शिकायत भी प्राप्त हुई थी। जांच अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन में शिकायत की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है।